औरैया। शहर के मोहल्ला बनारसीदास स्थित एक मकान में लीकेज सिलेंडर से आग लग गई। आग से 25 हजार रुपए कीमत का सामान जलकर राख हो गया। मोहल्लेवासियों के सहयोग से आग पर काबू पाया जा सका है। हालांकि सूचना के बाद भी दमकल कर्मी नहीं पहुंचे।
शहर के मोहल्ला बनारसीदास में ग्राम तेवरलालपुर निवासी विमल प्रजापति किराए के मकान में रहते हैं। शुक्रवार को दोपहर में वह चाय बना रहे थे। तभी सिलेंडर लीक होने से भीषण आग लग गई। आग लगने पर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने घर के सदस्यों को बाहर निकाला। मोहल्लेवासियों ने इसकी जानकारी फायर ब्रिगेड कर्मियों को दी। किसी तरह मोहल्लेवालों ने आग पर काबू पा लिया। प्रजापति ने बताया कि घर में रखे डेढ़ हजार रुपए व दैनिक उपयोग का सामान, कपड़े, बर्तन, चारपाई, बिस्तर आदि जलकर राख हो चुके हैं। पीड़ित ने बताया कि घटना लगभग साढ़े ग्यारह बजे की है।