औरैया। शोभायात्रा में असलहे लेकर चलना और हर्ष फायरिंग करने का मामला आर्य समाज के अनुयाइयों के गले की फांस बन गया है। गुरुवार को दोपहर में आर्य समाज के सौ वर्ष पूरे होने पर निकाली गई शोभा यात्रा में हुई हर्ष फायरिंग पर पुलिस ने गंभीर रुख अपनाया है। पुलिस ने हर्ष फायरिंग करने वाले को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इधर क्षेत्राधिकारी सदर विद्या सागर मिश्रा का कहना है कि फायरिंग करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उनका लाइसेंस भी निरस्त किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से आर्य समाज के आयोजकों में हड़कंप मच गया है।
आर्य समाज के सौ वर्ष पूरे होने पर शोभा यात्रा गुरुवार की दोपहर ढाई बजे निकाली गई थी। इस दौरान कुछ लोगों ने हर्ष फायरिंग की थी। शोभा यात्रा में पुलिस कर्मी भी तैनात थे। इन लोगों ने शस्त्र धारियों को फायरिंग करने से रोका भी लेकिन वह नहीं माने। फायरिंग की खुफिया रिपोर्ट को पुलिस ने शुक्रवार की सुबह गंभीरता से लिया । जिलाधिकारी जीएस नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक अब्दुल हमीद ने शहर कोतवाली प्रभारी ब्रज मोहन वर्मा व क्षेत्राधिकारी सदर विद्या सागर मिश्रा से सख्त रुख अपनाने के निर्देश दिए। इस पर शुक्रवार की सुबह क्षेत्राधिकारी सदर कोतवाली पहुंचे और उन्होंने इसकी तहकीकात की तो मामला उनकी संज्ञान में आया।
उन्होंने सिपाहियों को शोभा यात्रा के दौरान असलहों का प्रदर्शन करने और फायरिंग करने वालों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी सदर विद्या सागर मिश्र ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर फायरिंग कर दहशत फैलाने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इतना ही नहीं इस व्यक्ति की लाइसेंस रिवाल्वर भी जमा कर ली गई है। लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। क्षेत्राधिकारी सदर ने बताया कि हर्ष फायरिंग करने वाला व्यक्ति वेद प्रकाश राठौर पुत्र शिव शंकर राठौर निवासी नेबिलगंज है। उन्होंने बताया कि इस व्यक्ति को कोतवाली प्रभारी ब्रज मोहन वर्मा ने गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की जाएगी।