औरैया। बीती रात शार्ट सर्किट से कंप्यूटर शॉप में आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक में लाखाें रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। वहीं दुकान में रखे कैमरे, लैपटॉप जलकर राख हो गए।
दिबियापुर रोड पर क्रय-विक्रय केंद्र के सामने जय बालाजी कंप्यूटर्स पर बुधवार रात लगभग 12:30 बजे शार्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते दुकान में रखे कापियर्स स्टेशनरी के बंडलों ने आग पकड़ ली। दुकान से निकल रहे धुंए को देख वहां से निकल रहे लोगों ने दुकानदार ब्रजेश बंधु को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दुकान मालिक ने शटर खोलने का प्रयास किया लेकिन सफल न हो सके। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे फायर कर्मियाें ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित ब्रजेश बंधु ने बताया कि आग से दुकान में रखे चार कैमरे, छह लैपटॉप, 1 डेस्कटॉप, 1 प्रिंटर, 1 फोटो कापी मशीन, 1 स्कैनर, 1 स्टिल कैमरा, 1 इनवर्टर, फर्नीचर सहित बैंक की पास बुक व कापियर्स के बंडल आदि मिलाकर 9 लाख रुपये का सामान खाक हो गया।
आग लगने की सूचना पर पहुंचे एसडीएम जितेंद्र श्रीवास्तव व लेखपाल देवेंद्र ने आग से हुई क्षति का जायजा लिया। बताया जाता है कि दुकान में रखे कैमरे अलगअलग टीवी चैनलों के रिपोटर्स के थे। उन्हें रिपेयरिंग के लिए छोड़ा गया था।