- तीन गंभीर कानपुर रेफर किए गए
अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। कोतवाली क्षेत्र के हाइवे रोड ग्राम चिरुहूली के समीप कार ने जीप में टक्कर मार दी। हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया।
मंगलवार सुबह जीप से करीब आधा दर्जन लोग औरैया से कानपुर की ओर जा रहे थे। हाइवे रोड पर ग्राम चिरुहूली के समीप पीछे से आ रही इंडिका कार ने जीप में टक्कर मार दी। दुर्घटना में जीप सवार रामचंद्र पुत्र पुतई निवासी सैनपुर बखरिया, गुलाबचंद्र पुत्र सीताराम निवासी मुढ़ी रसूलपुर, रिषी कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी जसिज नगर, कपिल कुमार पुत्र राजेंद्र प्रसाद निवासी मुढ़ी रसूलपुर और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जब आसपास के लोगों ने सवारियों की चीख पुकार सुनी तो उन्हें अन्य लोगों की मदद से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची आकस्मिक स्वास्थ्य सेवा की एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत देख तीन लोगों को कानपुर रेफर कर दिया।