औरैया। लोकसभा चुनाव 2014 में मतदाताओं की अधिक भागेदारी सुनिश्चित कराने हेतु जिला निर्वाचन कार्यालय ने मतदेय स्थलों को चौपाल आयोजन के लिए सजाया है। रविवार नौ मार्च को आयोजित होने वाली चौपालों के लिए निर्वाचन अधिकारी बूथों पर तैयारियों को परखते रहे। बूथों पर चौपाल के दौरान मतदाताओं को वोट डालने के तरीकों के अलावा पुनरीक्षण अभियान के दौरान मतदाता सूची में शामिल किए गए नए मतदाताओं को उनका फोटो पहचान पत्र भी मुहैया कराने का इंतजाम भी किया गया है। वहीं चौपाल में नए मतदाता बनाए जाने के लिए पात्र व्यक्तियों से फार्म संख्या छह भी भरवाया जाएगा।
शनिवार को सदर तहसील सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एस राजलिंगम ने राजनीतिक दलों के साथ मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची में अब तक छूटे पात्र व्यक्तियाें के नाम जुड़वाने के लिए बूथों पर बीएलओ की ड्यूटी लगाने की अपील की। कहा कि बूथ लेवल एजेंट नए मतदाताओं को मतदाता फोटो पहचान पत्र मुहैया कराने में सहयोग करें। यह बात ध्यान रखें कि निर्वाचक नामावली में नाबालिग वोटर न बनने पाएं। इसके लिए बीएलओ को खासतौर पर निर्देशित करें। उन्होंने सभी बूथ लेवल अधिकारियों से रविवार सुबह 9 बजे बूथों पर उपस्थिति दर्ज कराने को निर्देशित किया। इस दौरान एडीएम इंद्रपाल उत्तम ने राजनीतिक दलों की निर्वाचन संबंधी समस्याएं सुनकर उनका निराकरण किया। मौैके पर उप जिलाधिकारी सदर जितेंद्र श्रीवास्तव, तहसीलदार सदर रामनयन, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार, एडीईओ पंचायत रावेंद्र सिंह मौजूद रहे।