औरैया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के एक दिन पूर्व कलेक्ट्रेट, विकास भवन कार्यालयों सहित तहसील व ब्लाक स्तर पर कार्मिकों को शपथ ग्रहण दिलाई गई। इसमें कार्मिकों ने भारत की लोकतांत्रिक गरिमा बनाए रखकर अच्छे मतदाता बनने का संकल्प लिया।
औरैया सदर तहसील परिसर में उप जिलाधिकारी सीएल सोनकर की मौजूदगी में शपथ ग्रहण समारोह हुआ। इस मौके पर परिसर में महिला थाना स्टाफ सहित तहसील क्षेत्र के अधिकारी कर्मचारी, कानूनगो, लेखपाल, अमीन आदि कर्मचारी एकत्रित हुए। उप जिलाधिकारी सोनकर ने कार्मिकों को देश के लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने के लिए देश के अच्छे मतदाता बनने की अपील की। एसडीएम ने सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई। इसी तरह सदर ब्लाक परिसर में खंड विकास अधिकारी हरगोविंद दयाल श्रीवास्तव ने ब्लाक कार्मिकों के साथ ही मौजूद पंचायत कर्मियों को श्रेष्ठ मतदाता बनने की शपथ दिलाई। बीडीओ श्रीवास्तव ने कहा कि ग्रामीण परिवेश से श्रेष्ठ बना भारत का लोकतंत्र विश्व में अग्रणी बनाए रखने के लिए सभी स्वार्थपरक मनोभावों से ऊपर उठकर सभी निर्वाचनों में वोट देकर उत्तम मतदाता बनने का संकल्प लिया। इस मौके पर नायब तहसीलदार शमशेर सिंह, नायब तहसीलदार संजय कुशवाहा, तहसीलदार पेशकार आमोद कुमार, रामलखन पांडेय, सहित तहसील व ब्लाक परिसर के कर्मचारी मौजूद रहे।