अजीतमल(औरैया)। मुंबई हमले के आरोपी अजमल कसाब को फांसी पर लटकाने पर शिवसेना, भाजपा आदि हिंदू संगठनों ने खुशी जाहिर की है। हमले में शहीद हुए जवानों की आत्मा को अब शांति मिली होगी। हिंदू संगठनों का कहना है कि यदि यह निर्णय बाला साहब ठाकरे के जिंदा रहते हो जाता तो और अच्छा होता।
कस्बे के विजय सिंह भारतीय ने कहा कि तिकड़मी और वोट बैंक की राजनीति के चलते फांसी देने के निर्णय में विलंब किया गया। देश के गद्दारों को सजा देने में किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जानी चाहिए। इससे अन्य लोगों को भी सबक मिलता। व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव पोरवाल ने कहा कि कसाब की मौत एक गद्दार आतंकी की मौत है। कसाब ने सैकड़ों निर्दोषों को मौत के घाट उतार दिया। मानवता को शर्मसार करने वाली इस घटना के दोषियों को कठोर सजा देना एकदम उचित कदम है। मोनू ठाकुर ने कहा कि कसाब को फांसी की सजा से देश के अन्य गद्दारों को सबक मिलेगा। ऐसे निर्णयों से आतंकियों के हौसले पस्त होंगे। रिटायर्ड फौजी महावीर सिंह ने कहा कि यह निर्णय शहीदों को श्रद्धांजलि देने वाला साबित होगा। सरहद पर सेवा करने वालों को इस कदम से प्रोत्साहन मिलेगा।