औरैया। पंचायतों के उपचुनाव के बाद जिले में संचालित साधन सहकारी समितियों पर चुनाव 29 अक्तूबर को कराया जाएगा। समितियों के चुनाव के लिए आज तैयार की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश सहकारी समिति, विनियमावली 1986 के नियम संख्या 441(1) के अंतर्गत गत दिनों सहकारिता विभाग ने किसान सेवा/साधन सहकारी समिति, वेतन भोगी व विशिष्ट सहकारी समिति के प्रबंध कमेटी के सदस्यों का चुनाव घोषित किया है। चुनावी कार्यक्रम के तहत आज जिले में संचालित कुल 79 साधन सहकारी समितियों पर तैयार की गई मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। प्रकाशन के साथ ही मतदाता सूची पर आपत्ति/दावे दाखिल किए जाएंगे, और उनका निस्तारण आज ही किया जाएगा। 19 अक्टूबर को समितियों पर मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। 20 अक्टूबर को दावेदार नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उसी दिन नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 25 अक्टूबर को दावेदारों की अंतिम सूची के प्रकाशन के साथ ही आपत्तियां, परचा वापसी व चुनाव चिंह का आवंटन होगा। इसके 28 अक्तूबर आवश्यक हुआ तो प्रात: आठ बजे से सायं चार बजे तक मतदान और बाद में मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा। समितियों पर चुनाव के संबंध में अपर जिला सहकारिता अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि समितियों पर चुनाव के लिए ग्राम विकास अधिकारियों को रिटर्निंग आफिसर नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।