औरैया। औरैया डिपो के 15 चालक अनुपस्थित चल रहे हैं। होली पर्व को देखते हुए उन्हें वापस काम पर बुलाने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और उन्हें दो दिन का समय दिया गया। समय समाप्त होने के बाद भी कर्मचारियों ने डिपो कार्यालय में उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है।
मालूम हो कि औरैया डिपो में तैनात चालक डिपो में मौजूद किसी ने किसी अधिकारी के कृपा पात्र हैं, जिसके चलते वह अक्सर लंबी छुट्टी व्यतीत करते हैं। इधर पिछले दो माह से 15 कर्मचारी संविदा चालक लगातार छुट्टी पर हैं। वहीं होली का त्योहार होने के चलते विभिन्न रूटों पर बसों का संचालन कराने के लिए अधिकारियों ने रूपरेखा तैयार की तो चालकों व परिचालकों की कमी सामने आई। अधिकारियों ने अनुपस्थित चल रहे इन 15 चालकों को 15 मार्च को नोटिस जारी कर उन्हें दो दिन के अंदर कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए। साथ ही उन्हें चेतावनी दी कि यदि वह कार्यालय में उपस्थित नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एसके नागर अनुपस्थित 15 चालकों को नोटिस जारी करने के साथ ही इसकी सूची भी डिपो कार्यालय में चस्पा की। रविवार की शाम पांच बजे तक किसी भी चालक व परिचालक ने उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि सोमवार की सुबह तक यदि कोई चालक परिचालक उपस्थित नहीं होता है तो उन पर कार्रवाई तय है।
- चेतावनी के बाद भी नहीं लौटे कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो