औरैया। जिले में विकास के लिए 2276.56 लाख की लागत से 115 सड़कों का निर्माण होगा। इनके शिलान्यास पटों का अनावरण जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से किया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जनता भारतीय जनता पार्टी को लोकसभा चुनाव में फिर चुनेगी। विकास के मामले में औरैया जनपद पीछे नहीं है।
लोक निर्माण विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को देवकली मंदिर स्थित गेस्ट हाउस में अनावरण कार्यक्रम किया गया। इटावा लोकसभा सांसद अशोक दोहरे, विधायक सदर रमेश दिवाकर, विधायक दिबियापुर लाखन सिंह राजपूत, विधायक बिधूना प्रतिनिधि देवेश शाक्य ने हिस्सा लिया और संयुक्त रूप से बटन दबाकर वहां लगे शिलापटों का अनावरण किया। इस मौके पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि औरैया विकास के मामले में पीछे नहीं रहा है। जिले की जर्जर सड़कों की मरम्मत, खराब सड़कों के निर्माण और ग्रामीण क्षेत्र की गलियों को पक्के मार्गों से जोड़ने का काम तेजी से किया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड एके जाटव ने बताया कि तीनों विधान सभा क्षेत्रों की 115 सड़कों का शिलान्यास किया गया है। इन सड़कों का निर्माण 2276.56 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। बताया कि औरैया विधानसभा क्षेत्र में 27, दिबियापुर विधा सभा क्षेत्र में 29 और बिधूना विधा सभा क्षेत्र में 59 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। इस मौके पर अधिशाषी अभियंता निर्माण खंड देवपाल सिंह, आरएस यादव, धर्मपाल सिंह, डीके शर्मा, अमित शुक्ला आदि मौजूद रहे।
-संयुक्त रूप से जनप्रतिनिधियों ने बटन दबाकर किया शिलान्यास
अमर उजाला ब्यूरो