अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को हुई अलग-अलग मार्ग दुर्घटनाओं में आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल औरैया में भर्ती कराया गया। जहां से चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद चिंताजनक हालत में सैफई रेफर कर दिया गया।
सोमवार को हुई मार्ग दुर्घटना में सिकंदरा थाना क्षेत्र निवासी रजत (19) पुत्र हरीनरायन बाइक से औरैया आ रहे थे। तभी इंडियन ऑयल चौकी क्षेत्र में हाईवे पर उनकी बाइक फिसल गई। जिससे उनके पैर में चोट आ गई। वहीं दूसरी घटना में फफूंद थाना क्षेत्र में सरैंया भट्टा निवासी महेंद्र का छह वर्षीय पुत्र दुर्गेश भट्टा परिसर में खेल रहा था। तभी अचानक ईट का चट्टा खिसक कर उसके ऊपर आ गिरा। जिससे उसके सिर पर चोटें आ गई। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां डाक्टरों ने सैफई रेफर कर दिया। वहीं सोमवार की दोपहर लगभग 2:30 बजे सवारियाें से भरा आटो सदर कोतवाली क्षेत्र में द्विवेदी गेस्ट हाउस के पास डिवाइडर से टकरा गया। जिससे उसमें सवार आधा दर्जन सवारियां घायल हो गई। इससे आटो पलट गया। आटो पलटते देख वहां मौजूद लोग दौड़कर घटना स्थल पर पहुंचे और आटो में दबी सवारियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल औरैया में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने गंभीर घायल ग्राम उडेलापुर बिधूना निवासी रामदेवी (70) पत्नी प्यारेलाल, दिबियापुर निवासी रामकुमारी (60) पत्नी श्याम बाबू, किशौरा थाना झींझक निवासी रानी पत्नी अभिलाख को प्राथमिक उपचार के बाद चिंताजनक हालत में सैफई रेफर कर दिया। ब्यूरो
-मार्ग दुर्घटनाओं में आठ घायल, चार रेफर