अमर उजाला ब्यूरो
अछल्दा (औरैया)। आवारा जानवर रेलवे के लिए आफत बन रहे हैं। शनिवार की दोपहर मालगाड़ी से एक सांड़ टकरा गया। चालक ने मालगाड़ी रोककर इंजन में फंसे सांड़ के लोथड़ों को बाहर निकला। इस दौरान 15 मिनट ट्रैक बाधित रहा। एक घंटे बाद ही मंडुवाडीह एक्सप्रेस से गाय टकरा गई। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। करीब बीस मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। चालक ने इंजन चेक करने के बाद ट्रेन को रवाना किया।
दिल्ली-हावड़ा रुट के अछल्दा रेलवे क्रासिंग पर सुबह 11 बजे डाउन लाइन पर मालगाड़ी से सांड़ टकरा गया। टक्कर लगते ही सांड़ मालगाड़ी के इंजन में फंस गया। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को पूर्वी केबिन के पास रोक लिया और इंजन में फंसे गाय के शव के टुकड़ो को बाहर निकाला। इसके बाद चालक मालगाड़ी को लेकर आगे बढ़ा। इसके बाद 12 बजे करीब मंडुवाडीह से दिल्ली जा रही एक्सप्रेस से अप लाइन पर गाय चपेट में आ गई।
चालक ने ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका और स्टेशन को सूचना दी। गैंगमैन आ गए और गाय के शव को किनारे किया तब ट्रेन रवाना की गई। इस दौरान बीस मिनट ट्रेन खड़ी रही। डाउन लाइन पर पीछे आ रही मालगाड़ी को आउटर पर रोका गया। जबकि उस समय कोई सुपरफास्ट ट्रेन नही थी।