दिबियापुर (औरैया)। प्रदेश में स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 प्रारंभ हो चुका है। सफाई के मामले में औरैया जनपद चौथे स्थान पर रहा है। नगर पालिका परिषद औरैया को जिले की अन्य पंचायतों के लिए आदर्श बताया गया।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 के आंकड़ों के मुताबिक औरैया चौथे स्थान पर रही है। दिबियापुर नगर पंचायत प्रदेश की रैंकिंग में 512 स्थान पर है। नगर पंचायत बिधूना को प्रदेश में 200, बाबरपुर अजीतमल नगर पंचायत को 273 वीं रैंक हासिल हुई है। नगर निकायों में जनपद की एकमात्र नगर पालिका परिषद औरैया ने जिले में अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए यह दिखा दिया है कि वह जनपद की सभी छह नगर पंचायतों से भी साफ.-सुथरी है। जनपद की सभी छह नगर पंचायतों में बिधूना नगर पंचायत ने जिले में पहला स्थान प्राप्त किया। बाबरपुर अजीतमल को जिले में दूसरा, जबकि नगर पंचायत फफूंद को तीसरा स्थान मिला है। औद्योगिक नगर और जिले के उपनगर कहे जाने वाले दिबियापुर नगर पंचायत को जिले में चौथा स्थान मिला है, जबकि अटसू नगर पंचायत को जिले में पांचवें स्थान से संतोष करना पड़ा है। इस बार नतीजों में सर्वाधिक खस्ताहाल नगर पंचायत अछल्दा का सामने आया है। नगर पंचायत अछल्दा स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 में जिले में पहले स्थान पर थी और इस बार वह खिसक कर छठवें स्थान पर पहुंच गई। बता दें कि प्रदेश में कुल नगर निकायों की संख्या 610 है जिनमें 423 नगर पंचायतें शामिल है।
नगर पंचायत बिधूना ईओ सुनील कुमार, दिबियापुर ईओ मोनिका उमराव ने बताया कि जनता में आई जागरुकता के चलते ही स्वच्छता का ग्राफ बढ़ा है। कहा कि जनता इसी तरह स्वच्छता के प्रति जागरुक रही तो जिले की किसी भी पंचायत में गंदगी देखने को नहीं मिलेगी।
- दिबियापुर पंचायत 512वें, बिधूना 212, बाबरपुर अजीतमल 273 वें रैंक पर
अमर उजाला ब्यूरो