अमर उजाला ब्यूरो
औरैया।
दीपावली पर यात्रियों को असुविधा न हो इसके लिए रोडवेज डिपो के लिए अतिरिक्त बसे चलाएगा। यह सभी बसें दिल्ली और आगरा रूट पर चलेंगी। वहीं, त्यौहार पर अतिरिक्त ड्यूटी करने वाले चालकों व परिचालकों को प्रोत्साहन योजना का लाभ भी दिया जाएगा।
हर वर्ष दीपावली पर यात्रियों की संख्या को देखते हुए औरैया डिपो से अतिरिक्त बसे यात्रियों की सहूलियत के लिए चलाई जाती हैं। इस बार दीपावली के लिए परिवहन निगम ने पूरी तैयारी कर ली हैं। इस बार दिल्ली रूट के लिए 45, आगरा रूट के लिए 14 और कानपुर रूट के लिए 14 बसों का संचालन किया जा रहा है। इसके साथ ही लोकल रूट के यात्रियों के लिए बिधूना, अजीतमल व इटावा की गाड़ियों के चक्कर भी बढ़ा दिए गए हैं। एआरएम ने बताया कि 17 अक्तूबर से 24 अक्तूबर तक प्रोत्साहन योजना लागू कर दी गई है। जिसके तहत लगातार प्रतिदिन 300 किमी की दूरी आठ दिन तक तय करने वाले चालक को 2860 रुपये का ईनाम दिया जाएगा। वहीं, एक दिन नागा करने वाले चालक को 2100 रुपये की राशि दी जाएगी। इसके साथ ही अन्य रूटों की बसों को यात्रियों की मांग को देखते हुए बढ़ाया जाएगा।
स्टेशन इंचार्ज मनोज मिश्रा ने बताया कि प्रोत्साहन योजना का लाभ चालक और परिचालकों को दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि शासन का सख्त आदेश है कि यात्रियों के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार चालकों, परिचालकों द्वारा न किया जाए। इसके लिए अधिकारियों की ओर से चालकों और परिचालकों को ट्रेनिंग देकर प्रशिक्षित किया जाएगा।
पुरानी बसों की हो रही मरम्मत
दीपावली को देखते हुए पुरानी, जर्जर, खटारा बसों के पुर्जों को बदलने व उनकी मरम्मत का आदेश एआरएम हरिशचंद्र वर्मा ने दिए हैं ताकि रास्ते में यात्रियों को असुविधा न हो।
17 अक्तूबर से चालकों व परिचालकों के लिए प्रोत्साहन योजना लागू कर दी गई है। सभी कर्मियों की छुट्टी निरस्त कर दी है ताकि यात्रियों को किसी प्रकारी की दिक्कत का सामना न करना पड़े। -हरिश्चंद्र वर्मा, एआरएम
दीपावली विशेष: दिल्ली रूट पर 45 अतिरिक्त बसें
- छुट्टी न लेने पर चालक व परिचालकों को मिलेगा बोनस