औरैया। अमर उजाला के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत महिलाओं को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। मतदान करने के साथ नारी गरिमा को बनाए रखने की शपथ ली।
लिटिल एंजिल्स स्कूल में अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के तहत मतदाता जागरुकता कार्यक्रम आयोजन किया गया। इसमें शिक्षिकाओं और अभिभावकों ने भाग लिया। ‘हमारा सांसद कैसा हो’ विषय पर विचार रखे। अधिकांश महिलाओं ने कहा कि सांसद ऐसा हो जो महिलाओं का सम्मान करे और वादों पर अमल करे। सशक्त प्रत्याशी चुनने की बात कही। प्रबंधक गौरव भूषण शर्मा ने कहा कि हमारा सांसद ऐसा होना चाहिए जो जनता की समस्याओं को समझे और उसके बीच रहे।
अपने वादों को वह चुनाव बाद पूरी तरह निभाए। जनता जिन समस्याओं से वर्षों से जूझ रही है, उनको दूर कराना वाला हो। महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने वाला हो। अंत में रोजमा ने महिलाओं को नारी गरिमा को बनाए रखने और मतदान के साथ पांच लोगों को जागरूक करने की शपथ दिलाई।
नितिन ने कहा कि सांसद ईमानदार होना चाहिए, अपने शहर के प्रति निष्ठावान हो। क्षेत्र की समस्याओं को लेकर गंभीर सांसद हो, जो क्षेत्र की समस्याओं का तेजी से निराकरण करे।
प्रियंका शुक्ला ने बताया कि मतदान हर मतदाता का अधिकार है। 29 अप्रैल को होने वाले मतदान के दिए हर मतदाता अपने मत का प्रयोग करें। ज्यादा मतदान से ही क्षेत्र के विकास करने वाला सांसद और अच्छी सरकार मिलेगी।
स्वाती पांडेय ने कहा कि मतदान के बारे में आज उन्हें सही मतलब मालूम हुआ है कि वह मतदान जरूर करेंगी और मतदान के लिए लोगों को जागरूक भी करेंगी। गली मोहल्लों की महिलाओं के साथ वह मतदान करने जाएंगी।