दिबियापुर/सहायल (औैरैया)। दो दिन से गायब छात्र का शव तालाब में मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया और स्कूल के बाहर शव रखकर हंगामा करने लगे। अपर पुलिस अधीक्षक ने इनको ढांढस बंधाया और जिला प्रशासन सें आर्थिक सहायता दिलाने की बात कही। इसके बाद परिजन संतुष्ट हो गए और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सहायल थाना क्षेत्र के पूराकला गांव निवासी किशन (12) पुत्र पप्पू गांव के ही जूनियर हाईस्कूल में कक्षा छह में पढ़ता था। वह शनिवार को घर से स्कूल गया था और बताया जाता है कि वह शौचालय जाने के नाम पर छुट्टी लेकर स्कूल से चला गया। देर शाम तक जब घर नहीं पहुंचा तो घरवालों को चिंता हुई। स्कूल में पता लगाने के साथ गांव में खोजबीन शुरू की। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने छात्र का शव तालाब में उतराते देखा। सूचना पर परिजन भी पहुंच गए और शव स्कूल के बाहर रखकर स्कूल प्रशासन के खिलाफ हंगामा करने लगे।
परिजनों का कहना था कि शिक्षकों ने छात्र के कक्षा में वापस न आने की सूचना क्यों नहीं दी। यह हादसा विद्यालय के जिम्मेदारों की लापरवाही पर हुआ है। सूचना मिलने पर मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित, सीओ सिटी औरैया श्यौदान सिंह, सहायल थाना प्रभारी हेमंत कुमार पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाकर जिला प्रशासन से सहायता राशि दिलाने की बात कही। परिजनों ने अधिकारियों की बात सुनी और संतुष्ट हो गए। बाद में थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिवारीजनों के मुताबिक, छात्र को मिर्गी का दौरा भी आता था। इस संबंध में सहायल थाना प्रभारी हेमंत कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है। अनुमान है कि वह तालाब के पास बेर तोड़ते समय फिसलकर गिरने से मौत हो गई। वह गरीब परिवार से था और दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता खेती का कार्य करते हैं।
-दो दिन से गायब था, स्कूल के बाहर शव रखकर परिजनों ने काटा हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो