उरई। राशन वितरण प्रणाली में ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने के बाद से व्यवस्था गड़बड़ा गई है। ई-पॉस मशीनों के काम न करने के कारण जहां एक ओर कोटेदार परेशान है। वहीं राशन न मिलने के कारण कार्डधारक कोटेदारों के चक्कर काट रहे हैं। हालत यह है कि बड़ी संख्या में कोटेदार जिला पूर्ति कार्यालय में घूम रहे हैं।
बता दें कि 31 अक्तूबर तक ग्रामीण क्षेत्र के सभी राशन विक्रेताओं को ओएसिस कंपनी की ई-पॉस मशीनों का वितरण कर दिया गया था। साथ ही 1 व 2 नवंबर को तहसीलवार ने उन्हें ट्रेनिंग देकर मशीनों के संचालन की जानकारी भी दे दी थी। उन्हें हिदायत दी गई थी कि जहां उनकी दुकान है, उसकी चौहद्दी के सौ मीटर के दायरे में ही यह मशीन काम करेगी। लेकिन कई कोटेदारों को मशीन का संचालन नहीं आया।
कार्डधारकों की परेशानी के मद्देनजर विभाग ने किसी तरह दिवाली तक मैनुअल तरीके से राशन वितरण की स्वीकृति कोटेदार को दी। इसके बाद सख्त चेतावनी दी गई कि किसी भी तरह मैनुअल तरीके से राशन वितरण नहीं किया जाए। कार्डधारकों को ई-पॉस मशीनों के जरिए ही राशन बांटा जाए। तब से व्यवस्था और गड़बड़ा गई है।
कहीं मशीनों के अंगूठा निशान स्वीकार न होने, किसी मशीनों के चालू न होने, बीहड़ क्षेत्र में नेटवर्क की समस्या होने, ओएसिस कंपनी के टेक्नीशियनों के बुलाने पर कोटेदार के यहां समय से न पहुंचने जैसी समस्या से राशन वितरण गड़बड़ा गई है। हालत ये है कि कई कोटेदारों ने राशन का वितरण तक नहीं किया है। परेशान कोटेदार व कार्डधारक विभाग के चक्कर लगा रहे हैं।
ई-पॉस मशीनों के चक्कर में डकोर ब्लाक के जगतपुरा बुजुर्ग, नदीगांव के पजनिया, माधौगढ़ के सुरपतिपुरा, कुठौंद के हरसिंगपुर, कोंच के पनियारा, कदौरा के जोल्हूपुर, जालौन के हरीपुरा, रामपुरा के भिटौरा, महेबा के चरसौनी जैसे गांवों के कोटेदारों ने वितरण ही नहीं किया है। हालांकि विभागीय कर्मचारी दावा कर रहे हैं कि जालौन के शहजादपुरा, खर्रा, नबादा, अजीतापुर जैसे गांव में ई-पॉस मशीनों से 100 से ज्यादा कार्डधारकों को राशन वितरण किया गया है।
उरकरा कला शिवदास श्रीवास का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र में तमाम जगह नेटवर्क नहीं आता है। इसकी वजह से मशीन काम नहीं करती है। इसके अलावा कई कोटेदार अभी भी स्मार्ट फोन का संचालन करना नहीं जानते हैं। जिसकी वजह से भी दिक्कत हो रही है, साथ ही सर्वर गायब रहने की भी समस्या है।
कुरुकुरु के विजय कुमार कहते हैं कि उनकी ई-पॉस मशीन स्विच आफ के बाद खुल नहीं रही है। विभागीय टेक्नीशियनों को फोन लगाने के बाद जब वे सुधारने नहीं आए तो आज मशीन लेकर विभाग में आए हैं। मशीनों में कुछ टेक्निकल दिक्कत है। कई जगह नेटवर्क की समस्या है।
जिला पूर्ति अधिकारी बीके शुक्ला ने कहा कि मशीनों में कुछ टेक्निकल दिक्कत है। इस बाबत प्रमुख सचिव एवं आयुक्त खाद्य एवं रसद को अवगत करा दिया गया है। आदेश आया है कि हर हाल में ई पॉस मशीनों से ही वितरण किया जाए। लिहाजा कोटेदारों को हिदायत दी गई है कि मशीनों से राशन वितरण करें। कंपनी के ब्लाकवार तैनात किए गए इंजीनियरों के साथ बैठक कर समस्या आने पर तत्काल मौके पर पहुंचने की हिदायत दी गई है।