औरैया। शहर स्थित एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे युवक का किसी शातिर ने 27 फरवरी को निकासी में मदद करने के नाम पर एटीएम बदल लिया।
अगले दिन आरोपी ने एटीएम कार्ड के जरिए 45 हजार रुपये पार कर दिए। बैंक शाखा से स्टेटमेंट निकलवाने पर पीड़ित को घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने मामले में पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
शहर के मोहल्ला बनारसीदास निवासी अनुराग चौधरी ने सोमवार को पुलिस को तहरीर दी। बताया कि 27 फरवरी की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पत्नी रिचा का एटीएम कार्ड लेकर रुपये निकालने गया था। उसने एटीएम से तीन बार रुपये निकालने का प्रयास किए मगर रुपये नहीं निकले।
तभी बूथ में ही पीछे खड़े युवक ने रुपये निकालने में मदद करने के लिए कहा। रुपये निकालने के दौरान उसने एटीएम कार्ड बदल लिया। युवक उसे सत्यराम नाम का कार्ड पकड़ाकर चला गया। युवक के जाने के बाद उसने दोबारा रुपये निकालने का प्रयास किया, मगर पिन गलत बताने पर वह वापस घर चला गया।
28 फरवरी को युवक ने चार बार 10-10 हजार व एक बार पांच हजार रुपये निकाल लिए। पत्नी रिचा ने जब घसारा स्थित बैंक शाखा पहुंचकर खाता का स्टेटमेंट निकलवाया तब उसे घटना की जानकारी हुई।
कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एटीएम बूथ के कैमरों की फुटेज खंगाली गई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।