औरैया। रविवार को निर्वाचन एवं महाशिवरात्रि पर्व को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने एसडीएम, सीओ एवं एसओ के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने निर्देश दिए कि निर्वाचन से संबंधित सभी कार्यों में बिना किसी भेदभाव से दायित्व निर्वहन किया जाए। जो आपराधिक किस्म के हैं, निर्वाचन में बाधा उत्पन्न कर सकते हैं, उनके खिलाफ गैंगस्टर, गुंडा एक्ट व अन्य कार्रवाई करते हुए पाबंद किया जाए। नाबालिग, दिव्यांग एवं वृद्ध लोगों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई न की जाए। पुलिस अधीक्षक हरीश चंदर ने कहा कि जो केंद्र अतिसंवेदनशील एवं संवेदनशील हैं, उनके आसपास रहने वाले लोगों से माहौल की जानकारी ली जाए एवं उनकी सूची बनाई जाए।
क्षेत्र में व्यापारियों की दुकान के आसपास पैट्रोलिंग बढ़ाई जाए एवं डायल हंड्रेड को भी और अधिक प्रभावी बनाया जाए। चुनाव के समय जो भी कार्रवाई की जाए वह बिल्कुल निष्पक्ष होनी चाहिए। चुनाव में बाधा पहुंचाने वाले व्यक्तियों को लाल कार्ड दिया जाए। उन्होंने सभी एसडीएम से भी कहा कि यदि किसी कार्य पर संबंधित थानाध्यक्ष द्वारा लापरवाही बरती जा रही है तो ऐसे थानाध्यक्ष के बारे में बताएं। उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपर जिलाधिकारी विजय बहादुर सिंह ने सभी सीओ एसओ को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बने शिव मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें। एसडीएम से कहा कि यदि कहीं पर साफ-सफाई न हो तो वहां कराई जाए।
-चुनाव में बाधा उत्पन्न करने वालों को मिलेगा लाल कार्ड: पुलिस अधीक्षक
अमर उजाला ब्यूरो