ज्यादा शुल्क वसूला तो होगी कार्रवाई
औरैया। अभी तक शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन कालेज की ओर से अवैध फीस बसूली जाती थी लेकिन अब डीआईओएस ने इस पर अंकुश लगाने के लिए नया फरमान जारी किया है। उन्होंने कहा कि अगर किसी विद्यालय के प्रधानाचार्य की ओर से ज्यादा फीस वसूली गई तो संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रप्रताप सिंह ने जिले के शासकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन कालेजों के प्रधानाचार्यो को निर्देश देते हुए कहा है कि विद्यालय में अध्यनरत छात्र-छात्राओं से शासन की ओर से निर्धारित शुल्क ही वसूला जाए। किसी भी छात्र-छात्रा से निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त अन्य किसी भी प्रकार की अवैध शुल्क वसूली न की जाए।
साथ ही जो निर्धारित शुल्क लिया जाए उसका मद वार उल्लेख करते हुए रसीद छात्र-छात्राओं को दी जाए। उन्होंने कहा कि यदि तीन सगे भाई-बहन विद्यालय में अध्यनरत हैं, तो उनको नियमानुसार शुल्क में छूट प्रदान की जाए। अक्सर विद्यालयों में ज्यादा फीस वसूलने की शिकायत आती रहती हैं। लेकिन अब यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
- निर्धारित मानक के अनुसार कालेजों को फीस लेने के दिए गए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो