अमर उजाला ब्यूरो
औरैया।
फसल ऋण मोचन योजना की समीक्षा रविवार को एनआईसी में डीएम ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ की। समीक्षा बैठक में डीएम ने पाया कि अभी तक नौ बैंक शाखाओं की ओर से इस योजना में कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। इस पर उन्होंने संबंधित शाखा प्रबंधक को हर हाल में 22 जुलाई तक तिथि तक फीडिंग कार्य पूरा किए जाने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में डीएम जयप्रकाश सागर ने कहा कि सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अधिकारी तेजी से कार्य करें। कहा कि कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नौ बैंक शाखाओं की ओर से फसल ऋण मोचन योजना का कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है। डीएम ने शाखा प्रबंधकों से दो टूक कहा कि अगर 22 जुलाई तक फीडिंग कार्य न हुआ तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा अतिरिक्त बैंकों की ओर से की जा रही प्रगति की समीक्षा एवं अनुश्रवण के लिए 17 जुलाई को अपर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला विकास अधिकारी, उप जिलधिकारी औरैया, बिधूना सहित 11 वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे बैंकों की प्रगति रिपोर्ट डीएम कार्यालय पहुंचाएं।
डीएम जयप्रकाश सागर ने ऋणी किसानों से अपील की कि वे वे अपनी बैंक शाखाओं में आधार कार्ड नंबर तथा मोबाइल नंबर उपलब्ध करा दें। उन्होंने उप कृषि निदेशक को निर्देश दिया कि जनपद के समस्त 113 बैंक शाखाओं, जनपदीय मुख्यालय, तहसील मुख्यालय एवं विकासखंड मुख्यालय सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए फ्लैक्सी बोर्ड लगवाएं। ताकि किसानों को योजना के बारे में जानकारी मिल सके।
22 तक होना है काम, फसल ऋण मोचन योजना के कार्य धीरे होने पर डीएम ने अधिकारियों के कसे पेंच