बिधूना। अछल्दा थाना क्षेत्र के गांव वीरपुर निवासी 70 वर्षीय किसान देवेंद्र सिंह से ठगों ने 40 हजार रुपये पार कर दिए। जानकारी होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
किसान देवेंद्र सिंह बृहस्पतिवार को हरीगंज बाजार में एक सराफा कारोबारी के यहां से अपनी चांदी की चेन गिरवी रखकर आए थे। इसके बदले में उन्हें 40 हजार रुपये मिले थे। रुपये जेब में रखकर वह पैदल ही घर आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से बिना नंबर की अपाचे बाइक पर सवार दो लोग आए। उन्होंने किसान को अपना दूर का रिश्तेदार बताते हुए कहा कि वे उन्हें घर छोड़ने चलेंगे। किसान के बीच में बैठते ही वे उन्हें ब्लॉक चौराहा की ओर ले गए। वहां से वापस हरीगंज तिराहे की ओर मुड़कर ऊपर रोड पर चल दिए। कुछ दूर जाकर बदमाशों ने किसान को बाइक से उतार दिया और कहा कि वह अपने भतीजे को लेकर आते हैं। जब किसान ने अपनी जेब देखी तो वह कटी हुई थी और उसमें रखे 40 हजार रुपये गायब थे। थाना प्रभारी पंकज मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।