अजीतमल (औरैया)। मिहौली गांव में हुए सड़क हादसे से सबक लेते हुए प्रशासन जिले की सीमा पर मुसाफिरों की निगरानी शुरू करा दी है। एसडीएम ने 40 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई है। दो पालियों में 24 घंटे शिक्षक निगरानी करेंगे।
जिला प्रशासन ने 40 शिक्षकों को दो पालियों में जिले की सीमा अनंतराम टोल प्लाजा पर तैनात किया है। प्रथम पाली सुबह 9 से रात 9 बजे तक 20 शिक्षक व रात 9 बजे से सुबह 9 बजे तक द्वितीय पाली में 20 शिक्षक बाहर से आए हुए प्रवासी मजदूरों की निगरानी करेंगे। उनको उनके जनपद भेजने के लिए उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार कार्य करेंगे। इस संबंध में खंड शिक्षाधिकारी सुधीर गुप्ता ने बताया कि ब्लॉक के शिक्षकों की ड्यूटी टोल प्लाजा पर लगाई गई है। ड्यूटी में लापरवाही करने वाले संबंधित शिक्षकों के ऊपर एसडीएम द्वारा कार्रवाई की जाएगी। अग्रिम आदेश तक सभी शिक्षक यथावत ड्यूटी करते रहेंगे।