औरैया। पिछले तीन दिन में लिए गए सैंपलों की जांच में जिले में डेंगू के चार मरीज मिले हैं।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि संक्रमण बढ़ने की आशंका को देखते हुए टीमें सक्रिय की गईं है। टीमों द्वारा लक्षण पाए जाने पर डेंगू के सैंपल भी लिए जा रहे हैं। तीन दिन में 26 बुखार पीड़ितों का डेंगू की जांच के लिए सैंपल लिया गया था। शुक्रवार को सैफई लैब से प्राप्त रिपोर्ट में शहर के मोहल्ला सत्तेश्वर निवासी रंजीत सिंह का ढाई वर्षीय पुत्र अभिजीत सिंह, ऐरवाकटरा निवासी मुमराज (25), नजमा बेगम पत्नी इकबाल हुसैन, कुदरकोट निवासी राम नारायन पुत्र प्यारे लाल में डेंगू की पुष्टि हुई है।
जानकारी होने पर सीएचसी ऐरवाकटरा, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी पीएचसी अर्बन औरैया को निर्देशित किया गया है कि वह प्रभावित वार्डों, ग्रामों में टीमें भेजकर रोगियों की मलेरिया, डेंगू, कोविड की जांच कराएं। अन्य स्वास्थ्य केंद्रों के अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है कि जो टीमें फील्ड में काम कर रहीं हैं, उनकी रिपोर्ट लेते रहे हैं। इससे पहले जिले में डेंगू के तीन मरीज मिले थे। जिसमें एक संक्रमित की मृत्यु हो गई थी। जबकि दो मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।