औरैया। बुधवार को टीकाकरण के बाद जिले में कोविशील्ड की डोज समाप्त हो गई। जबकि 3630 कोवाक्सीन बची हैं। इससे लाभार्थियों को दूसरी डोज लगाई जाएगी। ऐसे में गुरुवार को टीकाकरण अभियान प्रभावित हो सकता है।
मंगलवार को जिले में 5120 डोज कोविशील्ड और 4040 डोज कोवाक्सीन बचीं थीं। मंगलवार रात एक हजार डोज कोविशील्ड और मिल गईं। इससे बुधवार को टीकाकरण और क्लस्टर अभियान सभी सेंटरों और गांवों में चलाया गया। कुल 6530 लाभार्थियों का टीकाकरण किया गया। अब स्वास्थ्य विभाग के पास 3650 कोवाक्सीन बची हैं। विभागीय अधिकारी बताते हैं कि इस वैक्सीन से लाभार्थियों को दूसरी डोज लगवाई जाएगी। दूसरी डोज लगवाने वालों की संख्या अधिक है। 50 शय्या जिला संयुक्त चिकित्सालय में दूसरी डोज समाप्त होने पर लाभार्थियों को कंट्रोल रूम तक दौड़ना पड़ा। अन्य सेंटरों पर भी यही स्थिति रही। दूसरी डोज न होने पर लाभार्थियों को लौटाया गया।
वैक्सीन लेने के लिए गाड़ी कानपुर भेज दी गई है। वैक्सीन दिए जाने का आश्वासन मिला है। कितनी वैक्सीन जिले को मिलेगी, यह बाद में जानकारी हो सकेगी। जितनी वैक्सीन मिलेगी उसी आधार पर गुरुवार को टीकाकरण अभियान चलेगा। - डॉ. अशोक कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी
दिबियापुर सीएचसी पहुंचे ऑक्सीजन सिलिंडर
दिबियापुर (औरैया)। बुधवार को दिबियापुर सीएचसी पर 14 ऑक्सीजन कन्संट्रेटर पहुंचे। जबकि आठ ऑक्सीजन सिलेंडर भी मिले हैं। कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए प्रशासन जल्द तैयारियां पूरी कर लेना चाहता है। (संवाद)