औरैया। शहर के तिलक महाविद्यालय में संचालित अभ्युदय कोचिंग में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग पा रहे 30 युवाओं ने विभिन्न परीक्षाएं पास की हैं। कोचिंग के 30 छात्र-छात्राआें ने बेहतरीन सफलता हासिल की है।
400 के करीब युवा इस कोचिंग में पढ़ाई करते हुए तैयारी कर रहे थे। डीएम बृजेश कुमार व सीडीओ राम कृपाल चौधरी के मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग की तरफ संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना चल रही है। इसमें तिलक महाविद्यालय में कोचिंग का संचालन किया जा रहा है। निशुल्क कोचिंग पाकर 30 से अधिक अभ्यार्थियों ने उत्तर प्रदेश पुलिस, भारतीय नौसेना, एसएससी आदि में चयन पाया है।
इसमें से दीक्षा सिंह का भारतीय नौसेना में, प्रेम कुमार का एसएससी जीडी में, रोहित गौतम, मोहित कुमार, श्रेया दुबे का बीपीएससी में चयन हुआ है। वहीं अमित कुमार, प्रिंसी गौतम, भावना चौबे, ऋषभ कुमार आदि का चयन उत्तर प्रदेश पुलिस के विभिन्न पदों में हुआ है।
शहर के मोहल्ला तिलक नगर निवासी ऋषभ कुमार ने बताया कि उनका सपना था कि वह प्रतियोगी परीक्षा में चयनित होकर शासकीय सेवा में अपना योगदान दें लेकिन जनपद में उपलब्ध सीमित संसाधनों के कारण यह आसान नहीं था। ऐसे में अभ्युदय कोचिंग ने उनके चयन की राह आसान बनाई है। वह वर्तमान समय में थाना कोतवाली देहात जनपद हरदोई में तैनात हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया है कि मेधावी और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को कोचिंग दी जा रही।