औरैया। नियमों की अनदेखी के कारण कोरोना संक्रमितों की संख्या में हर रोज बढ़ रही है। अब फ्रंट लाइन वर्कर भी संक्रमित होने लगे हैं। शनिवार को जिले में छह पुलिस कर्मी समेत 30 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें 13 गेल गांव के हैं। संक्रमित पुलिसकर्मियों में पांच एरवाकटरा थाने और एक बेला थाने का है। दिबियापुर कोतवाली प्रभारी की पत्नी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
जिले में अब तक 219 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। सबसे ज्यादा संक्रमित गेल गांव के हैं। सबसे पहले गेल गांव में ही कोरोना संक्रमित मिला था। इसके बाद से स्वास्थ्य विभाग लोगों से लगातार कोविड नियमों का पालन करने की अपील कर रहा है लेकिन लोग कोरोना की तीसरी लहर को लेकर बेपरवाह बने हुए हैं।
शनिवार को भी शहर के होमगंज, लेडीज बाजार, सुभाष चौक और अस्पतालों में बिना मास्क के लोग नजर आए। यह लापरवाही बेहद खतरनाक साबित हो सकती है। इन सभी के संपर्क में आने वालों की स्वास्थ्य टीमें जांच कर रही हैं।