औरैया रोडवेज डिपो परिसर में खड़ीं बसें।
- फोटो : औरैया रोडवेज डिपो परिसर में खड़ीं बसें।
औरैया। कुंभ मेले में औरैया डिपो से मंगाई गईं 60 बसों से कई रूटों पर रोडवेज डिपो की सेवाएं डगमगा गईं थीं। वसंत पंचमी के बाद लौटीं 25 बसों से धीरे-धीरे डिपो की विभिन्न रूटों पर मौजूद अव्यवस्थाएं पटरी पर आने लगी है।
जिम्मेदारों का कहना है कि एक-दो दिन में काफी कुछ स्थिति दुरुस्त कर ली जाएगी। औरैया डिपो के पास कुल 70 बसें हैं। जिसमें प्रयागराज में चल रहे कुंभ के आयोजन के लिए शासन स्तर से डिपो से दो चरणों में 60 बसों को भेजे जाने के लिए निर्देश दिए गए थे।
इन बसों को कुंभ के लिए भेजे जाने के चलते डिपो की गुरुग्राम, दिल्ली आदि रूटों पर बसों के कम होने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। इसमें झांसी, मुरादाबाद व लोकल में बेला रूट पर एक-एक गाड़ी होने की वजह से यात्रियों को ज्यादा समस्या हो गई थी।
इन रूटों पर जाने वाले यात्रियों को दूसरे डिपो से आने वाली बसों का सहारा लेना पड़ता था। जिससे उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा था। इधर दो दिनों में लौटी 25 बसों से अब डिपो को सिंगल बस वाले रूटों पर फिर से संचालन शुरू करा दिया गया है। वहीं अन्य रूटों पर भी बसों की स्थिति काफी कुछ व्यवस्थित होने लगी हैं।
कुंभ से बसों का वापस लौटना शुरू हो गया है। 25 बसें वापस आ गई हैं। इससे अधिकतर रूटों को व्यवस्थित कर दिया गया है। शेष बची बसें भी जल्द वापस लौट आएंगी। जल्द ही पूर्व की तरह से सभी रूटों पर जरूरत के मुताबिक बसों का संचालन बहाल कर दिया जाएगा।
-अपर्णा मीनाक्षी, एआरएम औरैया