औरैया। युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए जनवरी 2025 में शासन स्तर से सीएम युवा स्वरोजगार योजना की सौगात दी गई।
जिले में 1500 युवाओं को इस योजना से आत्मनिर्भर बनाया जाना था। इसमें 2400 आवेदन आने के बाद भी अभी तक महज 900 युवाओं को लाभ दिया जा सका है। आवेदनों में खामी के बीच कई युवा अभी तक लाभ से वंचित चल रहे हैं।
जनवरी 2025 में शुरू की गई सीएम युवा स्वरोजगार योजना के तहत पांच लाख के ब्याज मुक्त ऋण की सौगात दी गई। इसमें 21 से 40 वर्ष तक की आयु सीमा निर्धारित की गई थी। इस योजना से जिले के युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार से जोड़ा जाना है।
योजना के साथ ही जिले को 1500 का लक्ष्य दिया गया था। लाभार्थियों को समय से योजना का लाभ मिले इसे लेकर पोर्टल व्यवस्था अपनाई गई। कोई भी आवेदन सात दिन तक किसी भी पोर्टल पर लंबित न रहने का मानक तय किया गया था। इसके लिए आवेदन में खामी होने पर आपत्ति अंकित करने का विकल्प निर्धारित किया गया था।
जिले के 2400 युवाओं ने योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया, लेकिन आवेदन की खामियों के बीच कई फाइलें संस्तुति तक नहीं पहुंच सकी है। यही वजह है कि एक साल पूरा होने जा रहा है और 900 युवाओं को ही लाभ मिल सका है। मार्च तक यह लक्ष्य पूरा किया जाना है। ऐसे में महज तीन माह के अंदर यह काम पूरा होना है।
सीएम युवा स्वरोजगार योजना के तहत आने वाले आवेदनों को तेजी से निस्तारित कर ऋण की स्वीकृति दी जा रही है। लंबित की स्थिति नहीं है। आवेदन में खामी होने पर ही फाइलें रुक जाती हैं।
-दुर्गेश कुमार, जीएम डीआईसी