औरैया। बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर नगर पंचायत फफूंद ईओ का जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम ने एक दिन का वेतन रोकने के साथ ही तीन दिन में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सिंह की ओर से पूर्व में जारी आदेश में किसी भी अधिकारी को बिना अनुमति के मुख्यालय न छोड़ने की बात कही गई थी। बावजूद इसके आदेश की कुछ अधिकारियों द्वारा अवहेलना की जा रही है। इसकी हकीकत मंगलवार को सामने आई। डीएम कार्यालय की ओर से अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत फफूंद रमेश कुमार गुप्ता को किए गए मोबाइल पर गोवंश आश्रय स्थलों के संचालन एवं भरण-पोषण के संबंध में कैंप कार्यालय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। इसमें ईओ द्वारा बताया गया कि वह लखनऊ के रास्ते में हैं।
इस पर जानकारी मिलते ही जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम ने आदेश का उल्लंघन पाए जाने की स्थिति में ईओ नगर पंचायत फफूंद के खिलाफ अनुशासनहीनता करने के आरोप में उक्त तिथि का एक दिन का वेतन काटने के अलावा उनसे तीन दिन में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अग्रिम आदेश होने तक रोके गए वेतन को जारी न किए जाने का भी आदेश दिया गया है।
-जिला निर्वाचन अधिकारी ने तीन दिन में स्पष्टीकरण भी किया तलब
अमर उजाला ब्यूरो