भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति, महिला पतंजलि योग समिति, युवा भारत व किसान पंचायत आदि संगठन संयुक्त रूप से 21 जून को विश्व योग दिवस मना रहे हैं।
इस दिन शहर के जय काली गार्डन में विशेष योग शिविर आयोजित किया गया है। रविवार को उक्त संगठनों के पदाधिकारियों ने शिविर को सफल बनाने के लिए जनपद का भ्रमण कर आम लोगों से शिविर में सहभागिता की अपील की है।
आर्य समाज मंदिर में भारत स्वाभिमान व अन्य संगठनों के पदाधिकारियों ने मीडिया से रूबरू होते हुए विश्व योग दिवस को लेकर आयोजित कार्यक्रमों और तैयारियों की जानकारी दी।
अध्यक्ष सुरेश चतुर्वेदी, संगठन प्रभारी गुरु प्रताप वर्मा ने बताया कि रविवार को विभिन्न संगठनों के सहयोग से जय काली गार्डन में विशाल योग शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में आयुष विभाग, भारत सरकार द्वारा विश्व योग दिवस के प्रारूप के अनुसार कार्यक्रम संपन्न कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत संगच्छवं संवदहवं मंत्र से होगी।
समस्त जन एक साथ चलें, एक साथ बोलें व एक साथ कार्य करें, संगठन सूत्र के इस नाम के बाद ताड़ासान, वृक्षासन, अर्ध चक्रासन, भद्रासन, शशकासन, अर्ध उष्ट्रासन, सर्वासन, पवन मुक्तासन, भुजंगासन, शन्नमासन, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, उज्जाई एवं कपालभाती आदि योगासनों के बाद आंख बंद कर ध्यान क्रिया कार्यक्रम होंगे।
बताया कि उक्त योग शिविर को सफल बनाने और लोगों की अधिकाधिक भागेदारी सुनिश्चित करने हेतु संगठन के पदाधिकारी जनपद में भ्रमण भी कर रहे हैं। प्रेस वार्ता में आर्य समाज औरैया के संरक्षक डा. सर्वेश आर्य, पतंजलि योग समिति के सह संयोजक ज्ञान सक्सेना, भीमसेन सक्सेना एवं सुनील सक्सेना मौजूद रहे।