अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। दिबियापुर-औरैया पर सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। जिसके चलते बीती रात सड़क निर्माण के दौरान राहगीरों को निकलने का रास्ता न मिलने से वहां जाम लग गया। जाम में मरीज लिए एक एंबुलेंस भी फंस गई। घंटेभर तक जाम में फंसे रहने से लोगों को भारी दिक्कत हुई।
औरैया से दिबियापुर जाने वाला मुख्य मार्ग काफी समय से जर्जर स्थिति में है। अब उसका काम पीडब्लूडी विभाग की ओर से किया जा रहा है। अक्सर सड़क निर्माण के दौरान विभाग की ओर से संकेत लगाए जाते हैं। जिससे राहगीर सावधान हो जाए। लेकिन यहां निर्माण के दौरान विभाग की तरफ से कोई संकेत न होने से दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
इसके अलावा वहां काम कर रही जेसीबी मशीन की ओर से बेढंग तरीके से काम किए जाने से राहगीर घंटों तक रात के समय जाम में फंसे रहे। वहीं दिबियापुर की ओर से मरीज को लेकर आई एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। जिससे मरीज सहित वहां मौजूद राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौके पर विभाग का कोई अधिकारी व कर्मचारी न होने से जेसीबी मशीन मनमाने ढंग से काम कर रही है। जिससे वहां रोजाना जाम की स्थित बन रही है।
निर्माण कार्य के दौरान विभाग में अधिकारी कर्मचारी को मौके पर मौजूद रहने को कहा गया है। अगर ऐसा है तो जानकारी कर मौके पर रहने के निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही राहगीरों को समस्या न हो इसके लिए वहां काम कर रहे लोगों को निर्देशित किया जायेगा। -सुनील कांत, एक्सईएन