दिबियापुर (औरैया)। नगर पंचायत के ठेकेदार द्वारा बनवाई जा रही सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत पर नगर पंचायत जेई ने मौके पर जाकर सामग्री व ईंट का सैंपल लिया और जांच के लिए पीडब्ल्यूडी की प्रयोगशाला में भेजा। जेई ने ठेकेदार से जांच रिपोर्ट न आने तक काम बंद कराने को कहा।
तीन सभासदों ने एक सप्ताह पूर्व नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर निर्माण रुकवाने और जांच के बाद ही गुणवत्ता की जांच कराकर निर्माण कार्य की मांग की थी। कहा कि अगर सुनवाई न हुई तो वे जिले के उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे। ईओ ने बताया कि सामग्री को सील कर जांच के लिए जेई ने उच्चाधिकारियों को भेजा है। रिपोर्ट आते ही कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभासदों से कहा कि वे निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सामग्री अवश्य चेक करें व बताएं। मालूम हो कि नगर पंचायत के सभासद राहुल दीक्षित, रविप्रकाश, प्रमोद बघेल ने 15 दिन पूर्व नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी मोनिका उमराव को धानमील में बनाई जा रही सड़क में घटिया सामग्री के प्रयोग करने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया था। उधर अवर अभियंता ने भी पिछले दिनों मौके पर जाकर जांच कर ईओ को रिपोर्ट में अत्यंत घटिया सामग्री का प्रयोग होने का मामला बताया था।