बिधूना (औरैया)। बिधूना कोतवाली के अंतर्गत आने वाले रामगढ़ रोड पर नौगवां से समीप तेज रफ्तार ट्रक ने लोडर में टक्कर मार दी। लोडर खड्ड में जा गिरा। इस पर सवार दंपति की मौत हो गई। एक अज्ञात समेत नौ लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने सभी को सैफई रेफर कर दिया है।
बुधवार की देर शाम लगभग साढ़े आठ बजे एक लोडर बिधूना-रामगढ़ मार्ग पर बिधूना की ओर आ रहा था। नौगवां मोड़ के समीप बिधूना की ओर से जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने लोडर में टक्कर मार दी। लोडर खड्ड में जा गिरा। लोडर सवार लोगों की चीख पुकार सुनकर राहगीरों ने जानकारी पुलिस को दी और लोगों को बाहर निकाला। लोडर पलटने से उसमें सवार प्रमोद (45) पुत्र रामेश्वर और उसकी पत्नी ऊषा (40) निवासीगण रठगांव की मौके पर ही मौत हो गई। सुखदेवी पत्नी रघुवर दयाल, पूजा पत्नी अज्ञात, महेंद पुत्र देवपाल, रंजीत पुत्र पंचम निवासीगण सभाहद कटरा, गौरा पत्नी मुन्नू लाल, रन्नो देवी पत्नी गोविंद, चंदावती पत्नी हरीराम, मुन्नू पुत्र रामेश्वर निवासी रठगांव और एक अन्य व्यक्ति को गंभीर घायलावस्था में बाहर निकाला गया।
पुलिस और राहगीरों की मदद से घायलों को बिधूना स्थित सीएचसी पर भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने इन सभी को सैफई रेफर कर दिया।कोतवाली पुलिस ने बताया कि घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकलने में सफल रहा है। ट्रक को पकड़ने के लिए घेराबंदी की गई है। पुलिस ने बताया कि लोडर सवार कानपुर देहात के ग्राम अकोडी पुखराया में रामेश्वर दयाल के यहां शादी समारोह के बाद गांव वापस लौट रहे थे।