संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। होली पर्व पर 24 व 25 मार्च को शहरों से अपने घर का रुख करने वाले यात्रियों की खूब भीड़ उमड़ी। इनकी सहूलियत के लिए रोडवेज डिपो की ओर से बसों का विशेष संचालन पुख्ता रहा। यात्रियों के लोड को देखते हुए आगरा कानपुर रूट पर 18 बसों ने फेरे लगाते हुए परिवहन तंत्र को मजबूत बनाया। सामान्य दिनों के मुकाबले आठ बसें ज्यादा चलीं। फेरे भी बढ़े।
होलिका दहन 24 मार्च तो होली 25 मार्च को रही। ऐसे में अंतिम दिनों में घरों का रुख करने वाले शहर के यात्रियों के लिए रोडवेज की बसें से खासी परेशानी दूर रही। दिल्ली से आने वाले यात्रियों को हर एक से डेढ़ घंटे में जनपद के लिए बस मिली। बीएस-6 मॉडल की सभी 11 बसें दिल्ली रूट पर चली। बसों ने कुल 16 फेरे लगाए।
वहीं कानपुर आगरा रूट पर सामान्य दिनों में जहां 10 के करीब बसों को दौड़ाया जाता था, वहीं 24 व 25 मार्च को 18 बसें दौड़ीं। 23 के करीब बसों के फेरे रहे। चालक-परिचालकों की ओर से कंट्रोल रूम में दिए गए निर्देशों के आधार पर बसों का संचालन भी काफी कुछ उतार चढ़ाव वाला रहा। दिल्ली रूट पर यात्रियों की संख्या स्टाप पर बढ़ने पर फेरों में तब्दीली हुई। कुछ ऐसी ही स्थिति कानपुर-आगरा रूट की रही। वहीं अब त्योहार बाद शहरों का रुख करने वाले यात्रियों के लिहाज से डिपो ने नई रणनीति बनाई है।
-
मुख्य मार्ग पर सवारी के हाथ देने पर रुकेंगी बस
दिल्ली, लखनऊ, आगरा, बरेली समेत बड़े शहरों का जनपद औरैया के लिए आवागमन त्योहार को लेकर बढ़ा है। होली व भाई दूज के बाद अब यात्री शहरों की फिर से वापसी करेंगे। ऐसे में हाईवे से लेकर अन्य मुख्य मार्गों को गांव से जोड़ने वाले संपर्क मार्गों पर यात्री खड़े नजर आएंगे। इनकी सुध लेने के लिए डिपो की ओर से यात्रियों के हाथ दिखाने पर बस रोकने की व्यवस्था अपनाई है। बस स्टाप के अलावा अन्य चिह्नित प्वाइंटों पर बसों के ठहराव लेने की व्यवस्था अपनाई जाएगी। जिससे कि यात्रियों को बस पकड़ने के लिए भटकना न पड़े।
-
वर्जन
होली पर यात्रियों को आवागमन में दिक्कत न हो इसे लेकर पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। जरूरत के लिहाज से फेरे बढ़ाए गए हैं। वहीं बसों को स्टाप पर रुकने व संपर्क मार्गों पर खड़ी सवारियों के नजर आने पर रुकने के निर्देश दिए गए हैं।
-अपर्णा मीनाक्षी, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक