रामपुरा (उरई)। जाजेपुरा गांव में एक लोडर ने दो किसानों को रौंद दिया, जिसमें एक की मौत हो गई, दूसरे की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। किसान रात में अपने खेतों पर अन्ना जानवरों से फसल बचाने के लिए रखवाली कर रहे थे। हादसा के बाद लोडर चालक वाहन लेकर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम जाजेपुरा निवासी रामकुमार (58) पुत्र स्व. खचेरे व सुरेश (45) पुत्र धंजू गुरुवार की रात अपने खेतों में अन्ना जानवरों से फसल बचाने के लिए रखवाली कर रहे थे। उनका खेत सड़क से लगा हुआ है। वह दोनों रात करीब 11 बजे सड़क किनारे से खेत का चक्कर लगा रहे थे तभी उधर से निकल रहे एक तेज रफ्तार लोडर ने दोनों को टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको रौंदने के बाद चालक लोडर लेकर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। हादसा होने के बाद चीख पुकार मचने पर आसपास खेतों में मौजूद किसान दौड़कर आए। सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में जब उन्होंने रामकुमार व सुरेश को पड़ा देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने दोनों को उठाया और गांव वालों व परिजनों को सूचना दी।
सूचना पर पहुंचे रामकुमार के बड़े भाई अजय कुमार व सुरेश के परिजन तुरंत ग्रामीणों की मदद से निजी वाहन से दोनों को जिला अस्पताल ला रहे थे कि रास्ते में ही रामकुमार की मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। साथ ही गंभीर रूप से घायल सुरेश का प्राथमिक इलाज कर उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया। सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अस्पताल में सुरेश का इलाज चल रहा है। वहीं हादसे को लेकर ग्रामीणों में खासा आक्रोश है।
अन्ना जानवरों से फसल बचाने को खेत में कर रहे थे रखवाली
अमर उजाला ब्यूरो