औरैया। फर्जी अभिलेख लगाकर दो शिक्षकों के नौकरी करने का मामला प्रकाश में आया है। बीएसए ने दो शिक्षकों को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है। बीएसए ने बताया कि स्पष्टीकरण संतोषजनक न होने पर कार्रवाई तय है।
छह माह पहले 68 हजार शिक्षकों की भर्ती पूरे प्रदेश में हुई थी, जिसमें जिले को 407 नए शिक्षक मिले थे। बेसिक शिक्षा विभाग ने नए शिक्षकों को जिले के विभिन्न स्कूलों में तैनाती दी थी। नियुक्ति के बाद इन शिक्षकों के शैक्षिक अभिलेखों की जांच कराई गई। ब्लाक एरवाकटरा क्षेत्र के प्रिाथमिक विद्यालय उमरैन में तैनात शिक्षक हिमांशू तथा प्राथमिक विद्यालय में तैनात पीयूष कृष्ण के शैक्षिक अभिलेखों में खामियां पाई गई।
इस पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने दोनों शिक्षकों को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है। बीएसए सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि दोनों शिक्षकों को पहला नोटिस भेजा गया है। तीन बार नोटिस भेजे जाएंगे। यदि संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिला तो दोनों शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई तय है। 407 शिक्षकों के अलावा 100 और शिक्षक जिले को मिले थे। उनके शैक्षिक प्रमाण पत्रों की भी जांच कराई जा रही है।