औरैया। सघन पल्स पोलियो महाअभियान की शुरुआत रविवार को सीएमओ ने सीएचसी में शिशुओं को पोलियोरोधी खुराक पिलाकर की। इस मौके पर उन्होंने इस अभियान में लगी टीमों को निर्देशित किया कि लापरवाही न बरतें। लापरवाही किसी बच्चे को मुश्किल में डाल सकती है।
सुबह नौ बजे सीएमओ एके राय ने शिशुओं को दवा पिलाकर अभियान की टीमों को रवाना किया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि पहले दिन 87.5 प्रतिशत बच्चों को खुराक पिलाई गयी है। जिले को 10 जोन में बांटा गया है। 2,48,235 बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य है। 824 बूथ बनाए गए हैं। अभियान के तहत लक्षित घर 2,49,232 हैं। सेक्टर एसओ 28, सुपर वाइजर 158, स्वास्थ्य कर्मी 410, आशा 1134, आंगनबाड़ी 685, स्वयं सेवी 432 लगाए गए हैं। जिला स्तरीय पर्यवेक्षण अधिकारी भी मनोनीत किए गए हैं। इनमें अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शशिबाला को औरैया नगर, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जयवीर सिंह को दिबियापुर और फफूंद, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुधाशु दीक्षित को अजीतमल, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिशिर पुरी को अयाना और शहाब्दा, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता को अछल्दा और सहार, डीसीपीएम अजय पांडेय को बिधूना और ऐरवाकटरा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डा. प्रमोद कटियार, डा. राकेश गुप्ता, डा. शत्रुघन सिंह, डा. वेदप्रकाश, डा. प्रेमनरायन, सतपाल कटियार व समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
अछल्दा (औरैया)। सामुदायिक स्वास्थ केंद्र अछल्दा में रविवार को पोलियो की दवा पिलाने का अभियान शुरू किया गया। इस अभियान के तहत बच्चों को घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। चिकित्सा अधीक्षक के नेतृत्व में अछल्दा के ब्लॉक के हर गांव आशा कार्यकर्ता के द्वारा पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। यह अभियान एक सप्ताह तक 10 मार्च से 18 मार्च तक चलेगा। अछल्दा ब्लॉक के कुल 30 हजार बच्चों को दवा पिलाई जानी है। पहले दिन ही 14 हजार बच्चों को दवा पिलाई गई।
-सीएचसी से सीएमओ ने किया पोलियो अभियान का शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो