अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। केडीएस इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के प्रशिक्षण केंद्र पर मंगलवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। विभिन्न कंपनियों के अधिकारियों ने साक्षात्कार के बाद 84 युवक-युवतियों को रोजगार दिलाया। रोजगार मेले में 218 युवक-युवतियों ने हिस्सा लिया।
यहां नोएडा, दिल्ली, आगरा, मैनपुरी, कानपुर की टेलेंजर्स इंडिया लिमिटेड, एम रुपया लिमिटेड, एनआईसीएस, चयन सेवा बैंक, मार्कोस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड आदि कई कंपनियों के अधिकारियों ने युवक-युवतियों का साक्षात्कार लिया। केडीएस कंपनी के जिला समन्वयक नितिन वर्मा ने बताया कि युवकों का उद्देश्य सिर्फ पैसा कमाना नहीं होना चाहिए, बल्कि हर युवक को अपनी एक मंजिल तय कर उसे पाने के लिए प्रयास करना चाहिए।
एमएचडब्ल्यूएच की जिला समन्वयक नीतू वर्मा ने बताया कि रोजगार मेले में 218 युवक-युवतियों ने हिस्सा लिया। इसमें 84 को रोजगार मिल सका, जबकि अन्य अभ्यर्थी कंपनियों की परीक्षा व साक्षात्कार में सफल नहीं हो सके। इन 84 अभ्यर्थियों को दिल्ली, आगरा, कानपुर, नोएडा में नौकरी करने का अवसर मिला है। रोजगार मेले को सफल बनाने के लिए रवि वर्मा, प्रवीण पांडेय, कुमार केशव, आकांक्षा शर्मा, रश्मि पाल, नरेंद्र सोनी आदि ने सहयोग प्रदान किया।