जालौन। गल्ला मंडी में पुलिस और व्यापारियों के बीच हुए टकराव के बाद शुक्रवार को मंडी बंद रही। व्यापारियों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर उक्त मामले में दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की। साथ ही व्यापारियों ने कार्रवाई न होने तक अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की बात कही। इस कारण पूरे दिन मंडी में सन्नाटा रहा। जिससे खरीद फरोख्त का काम भी प्रभावित रहा।
बता दें कि गुरुवार को कोतवाली पुलिस ने मंडी में अपना गेहूं बेचने आए किसान अमित विक्रम सिंह एवं व्यापारियों के साथ अभद्रता कर दी थी। जिस पर भड़के व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर अनिश्चितकालीन बंदी का एलान किया था।
शुक्रवार को मंडी के सभी व्यापारियों ने अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। व्यापारियों ने गल्ला व्यापार कल्याण समिति के कार्यालय में बैठक की और फिर सभी व्यापारी एकत्रित होकर एसडीएम भैरपाल सिंह से मिले और उन्हें ज्ञापन सौंपकर उक्त मामले में दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की। एसडीएम ने सीओ को मामले की जांच के निर्देश दिए।
साथ ही व्यापारियों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पर कार्रवाई भी की जाएगी। इस दौरान प्रेमदास गुप्ता, नीरज अग्रवाल, धर्मेंद्र दीवौलिया, देवेंद्र राठौर, अजय कुशवाहा, राममोहन गुप्ता, कल्लू, राजकिशोर गुर्जर, रामू गुप्ता, श्यामू गुर्जर, पुत्तन, सौरभ, विष्णु राठौर, महेश राठौर, राजू राठौर, विवेक कुमार, अरविंद द्विवेदी, जगदीश प्रसाद राठौर, लक्ष्मीकांत राठौर, संदीप तिवारी आदि रहे।
पूरे बुंदेलखंड की मंडियां हो सकती हैं बंद
समिति के अध्यक्ष रविकांत दुबे व महामंत्री प्रेमदास गुप्ता उर्फ भूरे मामा ने बताया कि जब तक कार्रवाई नहीं की जाती है तब तक सभी गल्ला व्यापारी अपना काम बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। इतना ही नहीं यदि शीघ्र ही कार्रवाई नहीं की जाती है तो पूरे बुंदेलखंड में गल्ला मंडियों में हड़ताल की जाएगी। इसके लिए जल्द ही हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट के व्यापारियों के साथ बैठक कर रणनीति बनाई जाएगी।
बंदी के कारण मायूस लौटे किसान
जालौन। गल्ला व्यापारियों द्वारा घोषित अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते गल्ला मंडी में अपना माल बेचने आए किसानों को बैरंग लौटना पड़ा। मंडी में गेहूं बेचने आए श्यामू तिवारी लौना बताते हैं कि मंडी आकर पता चला कि व्यापारी हड़ताल पर हैं। जिसके चलते उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। किसान मुरलीधर हरदोई राजा ने बताया कि वह भाड़े के ट्रैक्टर से अनाज लेकर मंडी में बेचने के लिए आए थे, पर हड़ताल के कारण अनाज नहीं बेच सके बल्कि भाड़ा अलग से लग गया।
सौंपा ज्ञापन, एसडीएम ने सीओ को दिए जांच के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो