उरई। जिले में हो रही अवैध डग्गामारी को लेकर अब खुद रोडवेज कर्मी सड़कों पर उतर आए हैं। आक्रोशित कर्मियों ने यूपी रोडवेज इंप्लाइज यूनियन के बैनर तले कलक्ट्रेट पहुंचकर परिवहन आयुक्त को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान उन्होंने प्रशासन पर भी डग्गामारी रोकने में विफलता के आरोप लगाकर जल्द से जल्द डग्गामारी रोकने के लिए सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की।
जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के चलते जिले में डग्गामार वाहनों की भरमार है। इन डग्गामार वाहनों की वजह से परिवहन विभाग को हर माह लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ता है। झांसी, कानपुर, दिल्ली, जयपुर आदि रूटों पर डग्गामार वाहन सक्रिय हैं।
सब कुछ जानते हुए भी जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। जबकि डग्गामार वाहनों की समस्या को लेकर कई बार समाजसेवियों ने भी ज्ञापन दिया है, लेकिन अब खुद रोडवेज कर्मियों ने इस समस्या से निपटने के लिए मोर्चा खोल दिया है।
शुक्रवार को आक्रोशित कर्मचारियों ने कलक्ट्रेट पहुंच जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। मांग की कि जिले में डग्गामारी की वजह से जहां उरई डिपो की हालात दिनोंदिन खराब होती जा रही है वहीं इसकी वजह से कर्मचारियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मांग की कि रोडवेेज बस स्टैंड से लगभग एक किलोमीटर तक की दूरी पर कोई भी चार पहिया वाहन न खड़ा होने दिया जाए। इसके साथ ही डग्गामार वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाए, जिससे की रोडवेज की स्थिति में सुधार हो सके। इस दौरान अध्यक्ष ठाकुरदास, मंत्री आबिद उल्ला, मंत्री जमील सहित दर्जनों कर्मचारी उपस्थित रहे।
परिवहन आयुक्त को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो