औरैया। जनता महाविद्यालय के परिसर में आयोजित किसान संवाद कार्यक्रम में सीएम योगी ने किसानों को संबोधित करते हुए डबल इंजन की सरकार के काम को याद दिलाया।
उन्होंने कहा कि नौ जून को केंद्र में मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने जा रहे हैं। ये 11 साल बेमिसाल हैं। भारत अब विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। अगली पीढ़ी इस सरकार के कामों को हमेशा याद रखेगी।
सीएम ने अपने 26 मिनट के भाषण में 25 से ज्यादा बार डबल इंजन की सरकार का जिक्र किया। भाषण के समापन पर मौजूद लोगों से डबल इंजन की सरकार के लिए आशीर्वाद मांगा। साथ ही आश्वस्त किया कि डबल इंजन की सरकार आपकी सेवा व संरक्षण के लिए सदैव काम करेगी।
साल 2023 में महिला और अब किसान
मुख्यमंत्री योगी जिले में साल 2023 में ककोर के तिरंगा मैदान में आयोजित महिला सम्मेलन में आए थे। दूसरी बार रविवार को अजीतमल में आयोजित किसान सम्मेलन में आए। पहली बार उनके भाषण के केंद्र में महिलाएं थीं तो इस बार किसान थे।
मक्के को मकई बोले सीएम तो लगे ठहाके
सीएम योगी ने अपने भाषण में मक्के की जगह मकई शब्द का प्रयोग कर किसानों से स्थानीय बोलचाल की भाषा में संवाद किया। उनके मकई कहते ही खूब ठहाके लगे। सीएम ने मक्के की पौष्टिकता व प्रसंस्करण पर भी विचार रखे। किसान हित की बारीकी भी बताई।