औरैया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मिहौली ओवरब्रिज के पास गुरुवार की रात दो दुकानों में आग लग गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड ने पहुंच कर काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई। तब तक दोनों दुकानों में रखा कई लाख का सामान नष्ट हो चुका था।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव पन्हर निवासी गोपाल जी पुत्र मुन्ना लाल की मिहौली ओवरब्रिज के पास मिठाई की दुकान है। बगल में गांव मिहौली निवासी सुखवासी लाल की परचून की दुकान हैं। गुरुवार की रात दोनों दुकानदार रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए। देर रात करीब एक बजे ग्रामीणों ने आग लगने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दोनों मौके पर पहुंचे और इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। साथ ही ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने में जुट गए। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काफी हद तक काबू पाया। इस बीच पहुंचे फायर ब्रिगेड ने आग को पूरी तरह शांत किया, लेकिन तब तक दोनों दुकानों में रखी नगदी समेत कई लाख कीमत का सामान जल गया।
मिठाई विक्रेता गोपाल जी ने बताया कि आग की चपेट में आकर उसका लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, परचून दुकानदार सुखवासी लाल ने बताया कि दुकान में रखी 30 हजार रुपये की नगदी समेत लगभग सवा लाख रुपये की क्षति हुई है। साथ ही दुकान में रखे जरूरी कागजात भी राख हो गए।
-राष्ट्रीय राजमार्ग पर मिहौली ओवरब्रिज के पास हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो