उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर के निरधना गांव में गोकशी पकड़ने गई पुलिस पर आरोपियों ने हमला बोल दिया। हमले में एक सिपाही जख्मी हो गया, जबकि दरोगा ने भागकर जान बचाई।
बाद में भारी संख्या में पुलिसबल ने घेराबंदी कर मौके से करीब दो कुंतल मांस, दो खालों समेत काटने के औजार कब्जे में लिए। दो किशोरों को मौके से पकड़ा, जबकि आठ आरोपी मौके से फरार हो गए।
शुक्रवार सुबह पांच बजे गांव के जंगल में बडे़ पैमाने पर गोकशी की सूचना मिली। दरोगा रतन सिंह गश्ती जीप से मौकेपर पहुंचें। आरोप है कि पुलिस को देख आरोपियों ने हमला बोल दिया, जिसमें एक सिपाही नफीस घायल हो गया। दरोगा ने भागकर जान बचाई।
पढ़ें, टोपी उतारकर फोटो खिंचवाने से मुस्लिमों में उबाल
सूचना पर एसएचओ कमल सिंह यादव तमाम चौकियों से पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। भारी पुलिस बल देखकर गांव में हड़कंप मच गया। जंगल की चारों तरफ घेराबंदी कर मौके से दो किशोर सोनू और दानिश को पुलिस ने पकड़ा है और एक अन्य ग्रामीण को शक पर थाने लाकर पूछताछ की गई। बाद में छोड़ दिया गया।
पुलिस ने गोकशी करने के आरोप में आठ लोगों को फरार दर्शाया है। बरामद करीब दो कुंतल मांस का मेडिकल कराने के बाद उसे मिट्टी में दबा दिया गया। पुलिस ने मौके से दो खाल और छुरी, कुल्हाड़ी समेत काटने के उपकरण बरामद किए हैं।
दरोगा ने घायल सिपाही का मेडिकल कराने के बाद पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमले तथा गोकशी का मुकदमा दस लोगों के खिलाफ दर्ज कराया है।