अमरोहा। जिला पंचायत के छठवें बोर्ड का गठन 12 जुलाई होगा। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ललित तंवर को कलक्ट्रेट सभागार में सुबह 11 बजे शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद वह जिला पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। इसके बाद दोपहर 12.30 बजे नवनिर्वाचित बोर्ड की पहली बैठक होगी, जिसमें जिला पंचायत की छह समितियों के गठन पर पर चर्चा की जाएगी।
भाजपा के पूर्व सांसद कंवर सिंह तंवर के बेटे ललित तंवर निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुने गए हैं। दरअसल लोक लेखा समिति के सभापति/विधायक महबूब अली की पत्नी सकीना बेगम का पर्चा खारिज हो गया था। इकलौते प्रत्याशी होने के चलते मतदान की नौबत नहीं आई। प्रदेश सरकार ने 12 जुलाई को जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्यों को शपथ दिलाने की तारीख तय की है। इसको लेकर रविवार को तैयारियों को आखिरी रूप दिया गया। अपर मुख्य अधिकारी हरमिक सिंह ने बताया कि शपथ ग्रहण की तैयारी पूरी कर ली गई है। नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा गया है। उनसे बोर्ड की पहली बैठक में शामिल होने का अनुरोध किया गया है।