अमरोहा नगर के मिनी स्टेडियम में क्रिकेट मैच जीतने के बाद खिलाड़ी को ट्रॉफी देते अतिथि। स्रोत
अमरोहा। मिनी स्टेडियम में चल रहे दिवंगत देवेंद्र चंदेल मेमोरियल अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को नेक्स्ट जेनरेशन क्रिकेट एकेडमी मुरादाबाद और एमपीएस क्रिकेट एकेडमी मुरादाबाद के बीच मैच खेला गया। दोनों टीमों के बीच बड़ा मुकाबला देखने को मिला। इस दौरान नेक्स्ट जेनरेशन ने एमपीएस को 42 रनों से हराकर मैच जीत लिया। आतिशी पारी खेलने वाले नेक्स्ट जेनरेशन के मोहम्मद जैद प्लेयर ऑफ द मैच व बेस्ट बल्लेबाज चुने गए।
सोमवार को नेक्स्ट जेनरेशन क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। नेक्स्ट जेनरेशन में निर्धारित 30 ओवरों में छह विकेट खोकर 265 रन का स्कोर खड़ा किया। अपनी टीम के लिए मोहम्मद जैद ने सबसे ज्यादा 96 गेंदों में 180 रन की धमाकेदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 20 चौके और सात छक्के भी लगाए। अरीब कमल ने 73 गेंदों में 60 रन बनाए। एमपीएस क्रिकेट एकेडमी के लिए कुश ने छह ओवरों में 64 रन देकर चार विकेट झटके। जबकि प्रियांशु सिंह ने छह ओवरों में 48 रन देकर दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमपीएस क्रिकेट एकेडमी की टीम 30 ओवर खेलने के बाद सिर्फ 223 रन ही बना सकी। अपनी टीम के लिए अभिमन्यु ने सबसे ज्यादा 52 गेंदों में 74 रन बनाए। जबकि आमोज सिरोही ने 47 गेंदों में 51 रन बनाए। इसी तरह कुश ने 13 गेंदों में 20 रन, अरमान ने 28 गेंदों में 27 रन, प्रियांशु ने 14 गेंदों में 15 रन, शुभम गंगवार में 18 गेंदों में 19 रनों का योगदान दिया। नेक्स्ट जेनरेशन के लिए गेंदबाजी करते हुए मो. अरीब ने छह ओवरों में 43 रन देकर तीन विकेट झटके। जबकि मोहम्मद जैद ने तीन ओवरों में 18 रन देकर दो विकेट लिए। आयुष सिंह और नितिन ने एक-एक विकेट झटका।
विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। अंपायर शमशाद अली और सदाकत रहे जबकि स्कोरर राहुल गुप्ता रहे। इस दौरान आयोजक रोहित चंदेल, परवेज पाशा, रिजवान पाशा, सेंटी गुप्ता, पिंटू और मोहम्मद नूर आदि मौजूद रहे।