अमरोहा। बेखौफ युवकों ने जोया रोड स्थित पॉश कालोनी में घुसकर कारोबारी के घर के गेट पर लगा ताला तोड़ दिया। दरवाजे पर लात और डंडे मारे। कारोबारी को जान से मारने की धमकी दी। युवकों ने करीब दस मिनट जमकर उत्पात मचाया। पीड़ित कारोबारी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह मामला रविवार की रात देहात थानाक्षेत्र में जोया रोड स्थित सिटी होम्स कालोनी का है। यहां पर कारोबारी मनु कमल का परिवार रहता है। उनके घर के दो दरवाजे हैं। इस कालोनी के मुख्य गेट पर सुरक्षा के लिहाजा से सुरक्षा गार्ड भी तैनात रहता है। पूरी कालोनी सीसीटीवी कैमरे से लैस है। बताते हैं कि पूरी पूछताछ के बाद ही बाहरियों को कॉलोनी में घुसने की अनुमति रहती है। लेकिन रविवार किसी तरह पांच-छह अज्ञात युवक कालोनी में घुस आए और कारोबारी मनु कमल के घर के बाहर उत्पात मचाना शुरू कर दिया। आरोप है कि सरिया से मकान के एक गेट पर लगा ताला तोड़ दिया। बाद में जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित कारोबारी ने घटना की जानकारी डायल-112 की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पीड़ित मनु कमल ने तहरीर दे दी है। दिन निकलने पर थाना पुलिस ने भी मुआयना किया। एसओ सुनील मलिक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है।