मंडी धनौरा। थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग के साथ प्रेम प्रसंग में लड़की के परिजनों ने युवक की बेरहमी से पिटाई की। आरोप है कि लड़की के परिजन उसे अधमरा कर छोड़ गए। इस संबंध में किसी ओर से भी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। मामला बीती 14 सितंबर का है।
थाना क्षेत्र के एक गांव में लगभग 18 वर्षीय एक युवक का गांव की ही एक नाबालिग किशोरी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बीती 14 सितंबर को किशोरी दूध लेने के लिए गई थी। बताया जाता है कि एक घंटे बाद अपने घर पहुंची तो परिजनों ने देर से आने की जानकारी ली। किशोरी ने गांव के ही एक युवक पर जबर्दस्ती रोकने की जानकारी परिजनों को दी।
आरोप है कि जानकारी मिलने पर क्रोधित परिजन एकत्र होकर युवक के घर पहुंचे और युवक को अपने घर ले आए। यहां उसकी बेरहमी से पिटाई की। आरोप है कि उसको अधमरा कर छोड़ दिया गया। पिटाई से भयभीत युवक के परिजनों की ओर से कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। पूरे गांव में इस मामले की चर्चा है। थाना पुलिस ने ऐसी किसी भी घटना की जानकारी होने से इनकार किया है।