गजरौला। परिजनों की डांट से क्षुब्ध युवक ने पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घर में रखे रुपये खर्च कर देने के कारण उसे डांटा गया था। डांट से क्षुब्ध होकर उसने यह कदम उठाया। युवक द्वारा फांसी लगाकर जान देने की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा। पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
घटना नगर के टीचर कालोनी की है। मूलरूप से गाजीपुर जनपद निवासी रमेश कुमार पांडे एक औद्योगिक इकाई में केमिस्ट के पद पर तैनात हैं। वह टीचर कालोनी में किराए पर रहते हैं। पुलिस के मुताबिक सोमवार की रात 12 बजे सूचना मिली कि रमेश कुमार पांडे के 19 वर्षीय बेटे मोहित ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। देखा कमरे में उसका शव पंखे से लटक रहा था। उसके गले में साड़ी का फंदा कसा हुआ था। पुलिस ने शव को नीचे उतारा। घटना के बारे में जानकारी ली। बकौल पुलिस परिजनों ने पुलिस को बताया कि मोहित ने घर में रखे रुपये खर्च कर दिए थे। इसे लेकर उसे पिता ने डांट दिया था, जिससे क्षुब्ध होकर उसने सोमवार की रात फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि युवक द्वारा फांसी लगाकर जान देने का मामला सामने आया है। उसके परिजनों ने बताया कि मोहित ने घर में रखे रुपये खर्च कर दिए थे, जिसको लेकर पिता ने उसे डांट दिया था। इस कारण उसने मौत को गले लगा लिया।