उत्तर प्रदेश के अमरोहा में नारी निकेतन से लौटी नाबालिग गर्भवती लड़की की प्रसव के दौरान मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी की 16 वर्षीय बेटी को उसकी बड़ी बहन का जेठ बहला-फुसलाकर सितंबर 2019 में ले गया था। मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
पुलिस ने नवंबर 2019 में किशोरी को बरामद कर लिया था। उस समय तक किशोरी 3 माह की गर्भवती हो चुकी थी। उसने अपने मां-बाप के साथ रहने से इंकार कर दिया था तो पुलिस ने किशोरी को नारी निकेतन भेज दिया। 9 माह के गर्भ का समय पूरा होने पर 15 जून को ही नाबालिग नारी निकेतन से घर लाए थे।
सोमवार रात को प्रसव पीड़ा होने पर किशोरी को सीएचसी रहरा से जिला अस्पताल ले जाया गया था। यहां से भी मुरादाबाद रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।